संदिग्ध ‘तांत्रिक हरकत’ से सनसनी: समाजसेवी संस्था के दफ्तर के बाहर मिला पुतले का सिर, लाल कपड़े में नींबू-मिर्च
संजय सोनी बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक अजीब और रहस्यमयी घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। शहर के एक समाजसेवी संस्था के कार्यालय के बाहर संदिग्ध तांत्रिक सामग्री मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद घबराए कर्मचारियों ने सीधे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामला बालोद के कुन्दरूपारा वार्ड स्थित मधुबन कॉलोनी का है, जहां ‘सूत्र’ नामक समाजसेवी संस्था का कार्यालय संचालित है। शनिवार दोपहर जब कर्मचारी फील्ड से लौटकर दफ्तर पहुंचे, तो ऑफिस के सामने रखी अजीबोगरीब सामग्री देखकर उनके होश उड़ गए।
शिकायत के अनुसार, मौके पर प्लास्टिक के पुतले का कटा हुआ सिर, लाल कपड़े में लिपटा नींबू-मिर्च, बंधन (धागा) और एक मटका रखा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारी बालोद थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। बाद में वार्डवासियों और संस्था के सदस्यों ने मिलकर उस संदिग्ध सामग्री को हटवा दिया, लेकिन घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यह किसी अज्ञात असामाजिक तत्व की हरकत प्रतीत होती है, जिसने लोगों को डराने या भ्रम फैलाने के उद्देश्य से यह काम किया है।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने कहा कि इस तरह की जादू-टोना से जुड़ी बातें अंधविश्वास हैं और लोगों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
अंधविश्वास या शरारत? जांच में जुटी पुलिस
इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और असामाजिक गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जहां इसे शरारती तत्वों की हरकत मान रही है, वहीं स्थानीय लोग इसे लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

