छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में एक युवक के साथ की गई बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में युवक के साथ अमानवीय व्यवहार और सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने के दृश्य सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना उस समय की है जब गांव में लगे सोलर पैनलों के तार चोरी हो गए थे। चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के खुद ही सजा देने लगे। युवक की बेरहमी से पिटाई की गई, उसे अर्धनग्न कर चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में उसका जुलूस निकाला गया। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और रामानुजनगर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए पुलिस ने इस मामले में सरपंच पति सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस ने दोहरी कार्रवाई करते हुए उस युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, जिस पर सोलर पैनल के तार चोरी करने का आरोप है। उनके पास से तार जप्त कर उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में सीएसपी बर्नार्ड कुजूर ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में इस तरह की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि इस प्रकरण में आगे और भी लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। यह घटना एक बार फिर कानून व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।


