बालोद में सनसनी: ‘आज दो बकरे काटूंगा’ कहने के कुछ मिनट बाद दो सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से जानलेवा हमला
हमले से पहले बोला- ‘आज दो बकरे काटूंगा’, फिर टंगिया लेकर सहकर्मियों पर टूट पड़ा आरोपी
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह एक सफाई कर्मचारी ने अपने ही दो सहकर्मियों पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
सुबह सफाई के दौरान हुआ खूनी हमला
घटना डौंडी नगर पंचायत की है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7 बजे सफाई कर्मचारी रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य नगर के सब्जी मार्केट क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और झाड़ू लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी एवं ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत गिरवर देहारी हाथ में धारदार टंगिया लेकर मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के दोनों सहकर्मियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हमले से पहले कही ऐसी बात, जिसने सभी को चौंका दिया

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और डौंडी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर ने बताया कि हमले से कुछ मिनट पहले आरोपी उनके पास आया था। उसने पूछा, “साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?”
जब उन्होंने शनिवार होने की बात कहकर मना किया और पूछा कि बकरा कहां कट रहा है, तब आरोपी ने जवाब दिया, “आज दो बकरे काट रहा हूं।”
उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि आरोपी की यह बात इंसानों पर हमले का संकेत बन जाएगी। कुछ ही देर बाद उसने वहां मौजूद दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले ने बताया कि डौंडी नगर में एक सफाई कर्मचारी द्वारा दो अन्य कर्मचारियों पर धारदार हथियार से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि हमले से पहले आरोपी द्वारा कही गई बात को लेकर मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने हमला किन कारणों से किया और उसके पीछे कोई पुरानी रंजिश, मानसिक तनाव या अन्य कोई और वजह तो नहीं थी।

