दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में दो सड़क हादसे, तीन लोगों की मौत
बालोद जिले के दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना दल्ली राजहरा शहर के मुख्य मार्ग की है, जहां एक ईको वाहन ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन बुजुर्ग को करीब 15 फीट तक घसीटता हुआ ले गया और आगे एक कार को भी टक्कर मार दी। हादसे में दल्ली राजहरा निवासी विश्राम साहू की मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना बालोद-मानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर बीटाल गांव के पास हुई। यहां रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी ट्रक में मोटरसाइकिल सवार दो लोग जा घुसे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
डायल-112 की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह दोनों हादसों में कुल तीन लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना के बाद दल्ली राजहरा पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

