छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी भाई ने अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका की पहचान तनीषा सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही तनीषा अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट की शिकायत लेकर देवरी थाने पहुंची थी। युवती ने पुलिस को आवेदन देकर भाई पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया था।
सूचना के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी। पारिवारिक मामला होने के चलते तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद यह विवाद इतना खौफनाक रूप ले लेगा।
बताया जा रहा है कि तनीषा घर में सो रही थी, तभी आरोपी भाई पोषण सोनकर अचानक गुस्से में उसके पास पहुंचा और धारदार कैंची से उसके गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवती को तत्काल देवरी अस्पताल ले जाया गया। हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान तनीषा ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं सूचना मिलते ही देवरी पुलिस ने आरोपी भाई पोषण सोनकर को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है।
इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक रूप और बढ़ते आपराधिक मानसिक तनाव को उजागर कर दिया है। जिस भाई को बहन की रक्षा का प्रतीक माना जाता है, उसी ने अपनी बहन की जिंदगी छीन ली।


