Chhattisgarh के Mahasamund जिले के ग्राम बाघामुड़ा में शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह करीब 4 बजे एक मकान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही खपरैल से बने घर में भीषण आग लग गई और तेज आंधी-तूफान के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बाघामुड़ा निवासी प्रज्ञानंद के घर पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य उस समय गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली घर की छत पर गिरी, जिससे खपरैल में आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
परिजनों की नींद तब खुली जब आग पूरे घर में फैल चुकी थी। किसी तरह परिवार के सदस्य बाहर निकले, लेकिन देखते ही देखते पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया। हादसे में घर में रखा लाखों रुपए का सामान, जरूरी दस्तावेज, घरेलू सामग्री और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
इस भयावह हादसे में घर की एक महिला घायल भी हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि पूरा घर जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू किया। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।


