प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव आज बालोद जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों, पार्षदों और बूथ अध्यक्षों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर संगठनात्मक चर्चा की और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। साथ ही टीएस सिंहदेव पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद में भी जुटे नजर आए।
बालोद प्रवास के दौरान टीएस सिंहदेव ने कवर्धा में हुए दुष्कर्म मामले पर बड़ा बयान दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसा संभव नहीं है कि कोई भी व्यक्ति अपराध न करे, लेकिन व्यवस्था ऐसी जरूर होनी चाहिए कि गलत करने वालों में कानून और सजा का भय बना रहे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ दुष्कर्म के मामलों में देश में दूसरे या तीसरे स्थान पर बताया जाता है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। अपराध पूरी तरह खत्म हो जाना संभव नहीं है, लेकिन सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे अपराधी गलत कदम उठाने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो जाए।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि जब अपराधियों को त्वरित कार्रवाई और कड़ी सजा का डर रहेगा, तभी समाज में ऐसे अपराधों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है और इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
इस दौरान विधायक संगीता सिन्हा, जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक अध्यक्ष किशोर साहू, ओंकार महमल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


