बालोद। जिले के पुरुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-30 पर बालोदगहन गांव के पास हुए इस हादसे में एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल सवार हेड कांस्टेबल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेड कांस्टेबल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक अपनी गाड़ी घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक हेड कांस्टेबल सन्तराम मण्डावी (57 वर्ष) बालोद जिले के ग्राम धानापूरी के निवासी थे। वे छत्तीसगढ़ पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उनका तबादला दल्लीराजहरा थाना से पुरुर थाना किया गया था और वे मात्र तीन दिन पहले ही नई पदस्थापना पर पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात हेड कांस्टेबल सन्तराम मण्डावी अपनी मोटरसाइकिल से अपने ससुराल ग्राम सोहतरा जा रहे थे। इसी दौरान जब वे नेशनल हाईवे-30 पर बालोदगहन गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचने तक हेड कांस्टेबल की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुरुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन जिस चार पहिया वाहन से दुर्घटना हुई, उसे घटनास्थल पर ही छोड़ दिया गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर चालक और वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


