बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग के निर्देशों के बाद बालोद जिला प्रशासन ने खर्चों में कटौती और संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर नया आदेश जारी किया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में सभी विभागों के अधिकारियों को सादगी और बचत अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक अब जिला मुख्यालय में होने वाली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विकासखंड स्तर के अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल होंगे। वहीं जिला मुख्यालय में पदस्थ अधिकारी बैठक में भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके साथ ही शासकीय वाहनों में पेट्रोल-डीजल खर्च को न्यूनतम रखने, अधिकारियों के लिए कार पूलिंग व्यवस्था लागू करने और अनावश्यक वाहन उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।कार्यालयों में बिजली बचत को लेकर भी सख्ती दिखाई गई है। कार्यालयीन समय समाप्त होने के बाद लाइट, पंखे, एसी और कंप्यूटर बंद करना अनिवार्य किया गया है।
इतना ही नहीं, अब जिला और विकासखंड स्तर की बैठकों में प्रिंटेड पेपर और बुकलेट के बजाय इलेक्ट्रॉनिक फाइलों जैसे PDF और PPT के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही कार्यालयीन पत्राचार और नस्तियों का संचालन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से करने कहा गया है।


