बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरछेड़ी में तांदूला नहर में नहाने गए तीन लोगों के बहने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपूरी निवासी यमन गंजीर (उम्र लगभग 35 वर्ष) अपनी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी गंजीर के साथ ससुराल पीपरछेड़ी में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान वह अपनी बेटी और एक अन्य रिश्तेदार युवती के साथ तांदूला नहर में नहाने गया, जहां तेज बहाव की चपेट में आकर तीनों बह गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बाप-बेटी तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तांदुला जलाशय से नहर का पानी बंद कराते हुए रेस्क्यू टीम की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम को घटना स्थल से करीब 400 मीटर दूर नहर में फंसा हुआ पिता यमन गंजीर का शव बरामद हुआ है। वहीं, 12 वर्षीय पल्लवी गंजीर की तलाश अब भी जारी है।
मौके पर पुलिस और राहत दल लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।


