7वीं में पढ़ते हुए 10वीं पास कर पहले ही बना चुकी हैं रिकॉर्ड, अब दोबारा शानदार प्रदर्शन से सबको चौंकाया
CHHATTISGARH/ बालोद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित माध्यमिक (10वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम में बालोद जिले की छात्रा नरगिस खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अरिहंत एकेडमी बाघमरा की छात्रा नरगिस ने 95.8% अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है।
नरगिस की सफलता को खास बनाती है उनकी वह उपलब्धि, जिसने उन्हें पहले ही चर्चा में ला दिया था। बेहद कम उम्र में ही उन्होंने 7वीं कक्षा में पढ़ाई करते हुए 7वीं और 10वीं बोर्ड की परीक्षा दोनों एक साथ दी थी और शानदार अंकों के साथ सफलता हासिल कर सबको चौंका दिया था। यह उपलब्धि उन्हें सामान्य छात्रों से अलग पहचान दिलाती है।
अब एक बार फिर उन्होंने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया कि उनकी सफलता कोई संयोग नहीं, बल्कि लगातार मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम है।
नरगिस ने सामाजिक विज्ञान में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा गणित और हिंदी में 97-97 अंक, विज्ञान में 95 अंक और अंग्रेजी में 90 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं अतिरिक्त विषय सूचना प्रौद्योगिकी में भी 99 अंक हासिल किए हैं।
नरगिस खान के इस शानदार प्रदर्शन से उनके स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता फिरोज खान और माता नाजमिन खान ने बेटी की इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है।
प्रेरणा बनी नरगिस
नरगिस खान की कहानी यह संदेश देती है कि उम्र कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। सही दिशा, मेहनत और आत्मविश्वास हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
आज नरगिस न सिर्फ बालोद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं।
एक बार नहीं, बल्कि बार-बार खुद को साबित करने वाली नरगिस खान यह दिखाती हैं कि असली टैलेंट वही है जो हर मौके पर निखरकर सामने आए।


