बालोद। जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक आरक्षक का शव उसके ही पुलिस क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक तौर पर इसे खुदकुशी का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक की पहचान लीवन भुआर्य (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम हथौद का निवासी था और वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थ था। वह कोतवाली थाना बालोद के समीप स्थित पुलिस क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहता था।
घटना उस समय सामने आई जब आसपास के लोगों को क्वार्टर से कोई हलचल नहीं दिखी। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा खोलकर देखा तो आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।
बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले उनकी पत्नी रिश्तेदार के यहाँ शादी में शामिल होने गई हुई थी। ऐसे में आरक्षक घर पर अकेला था। इसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करा उनके परिजनों को सौपा गया। पुलिस द्वारा मृतक के मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

