प्यार, धोखा और ‘चंडी’ का तांडव: ड्राइवर के लिए छोड़ा था हंसता-खेलता परिवार, 6 साल बाद सौत ने गन्ना काटने वाले हथियार से रेता गला
Chhattisgarh/ बालोद (नेवारीकला)। एक महिला जो अपने पति, बच्चों और भरे-पूरे परिवार को सिर्फ इसलिए छोड़कर आ गई थी ताकि वह अपने प्यार के साथ रह सके। वह प्रेमी के घर में उसकी पहली पत्नी के रहते हुए 6 साल तक ‘सौत’ बनकर एक ही छत के नीचे रह रही थी। लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि जिस प्यार के लिए उसने पूरी दुनिया छोड़ दी थी, उसी घर के एक कमरे में उसकी जिंदगी का ऐसा खौफनाक अंत हो जाएगा। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नेवारीकला गांव से सामने आई यह वारदात किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है।
नौकर के प्यार में छोड़ दिया था हंसता-खेलता परिवार
दरअसल, इस खूनी दास्तान की शुरुआत 6 साल पहले साल 2019 में हुई थी। मृतिका दया बाई अपने घर में ट्रैक्टर चलाने वाले एक ड्राइवर (नौकर) चिम्मन साहू के प्यार में इस कदर अंधी हो गई थी कि उसने अपनी सामाजिक मान-मर्यादा, पति और बच्चों तक की परवाह नहीं की। वह अपना हंसता-खेलता परिवार छोड़कर प्रेमी के पास चली आई थी।
एक छत, दो कमरे और 6 साल का घुटता हुआ सफर
प्रेमी के घर में उसकी पहली पत्नी अमृत बाई पहले से रह रही थी। उसने अपनी इस प्रेमिका को भी उसी घर में एक अलग कमरा दे दिया था। एक ही छत के नीचे, दो अलग-अलग कमरों में दोनों औरतें एक ही मर्द के भरोसे रह रही थीं। पहली पत्नी के लिए रोज़ अपनी आंखों के सामने पति के प्यार का यह बंटवारा देखना किसी नरक से कम नहीं था। बीते 6 साल से दोनों के बीच नफरत का एक भयानक ज्वालामुखी सुलग रहा था, जो सोमवार की रात को अचानक फट पड़ा।
कत्ल की रात: दो बार लौटे पैर, तीसरी बार में बनी ‘चंडी’
सोमवार की रात को पति शराब के नशे में घर लौटा था। पहली पत्नी ने उसे अपने कमरे में सुला दिया। रात के करीब 10:30 बजे जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए, तब महिला के सिर पर खून सवार हो गया। वह सौतन को मौत के घाट उतारने के इरादे से उसके कमरे की तरफ बढ़ी।
दो बार मृतिका के कमरे के दरवाजे तक गई, लेकिन कत्ल करने की हिम्मत नहीं जुटा पाने के कारण उसने अपने पैर पीछे खींच लिए। इसके बाद उसने घर में लगे भगवान के चित्र के सामने हाथ जोड़े और खुद के भीतर ‘मां चंडी’ की शक्ति जगाने की अर्जी लगाई। नफरत और गुस्से के इस मेल ने उसे खूनी हिम्मत दी और वह तीसरी बार कमरे में दाखिल हो गई।
खाट के पाए से किया अधमरा, फिर गन्ना काटने वाले औजार से रेता गला
आरोपी महिला ने कमरे में घुसते ही खाट के ‘पाए’ (लकड़ी के खुरे) से सो रही सौतन के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर असहाय हो गई। इसके बाद उसने घर में रखे गन्ना काटने वाले धारदार हथियार से उसका गला बेरहमी से रेत दिया। पीड़ित महिला की बिस्तर पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी रात के अंधेरे में ही घर से भागकर खेतों की तरफ छिप गई थी।
रात 3:00 बजे टार्च की रोशनी में खुला खूनी राज
रात के करीब 3 बजे जब पति के नशे का सुरूर थोड़ा कम हुआ और उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि बगल में सो रही पहली पत्नी बिस्तर पर नहीं थी। उसने टार्च उठाई और घर में ढूंढते हुए जब वह अपनी प्रेमिका (दूसरी पत्नी) के कमरे में गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बिस्तर खून से लथपथ था और वहां उसकी लाश पड़ी हुई थी। वह बदहवास होकर चिल्लाने लगा। उसने तुरंत ग्रामीणों और गांव के कोटवार को जगाया, जिसके बाद बालोद थाना पुलिस को इस खौफनाक मर्डर की सूचना दी गई।
कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और फोरेंसिक टीम मामले की जांच शुरू की
सूचना मिलते ही बालोद पुलिस, साइबर सेल और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। वारदात के बाद घर से पहली पत्नी का गायब होना ही पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग था। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले कर उसने पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को जेल भेज दिया है।

शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी, बालोद
“नेवारीकला गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। बालोद पुलिस, साइबर सेल और फोरेंसिक की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के साथ एक ही घर में रहने वाली उसकी सौतन (पहली पत्नी) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”


