छत्तीसगढ़/ बालोद जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने कथित रूप से ट्रेन के सामने आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र के चोरहापड़ाव रेलवे ट्रैक की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 16 वर्षीय नाबालिग लड़की लिलिसा उइके और 20 वर्षीय युवक जितेश्वर तारम के रूप में हुई है। लिलिसा डौंडी विकासखंड के साल्हे गांव की रहने वाली थी, जबकि जितेश्वर कुम्हालोरी गांव का निवासी बताया जा रहा है। दोनों के बिच प्रेम सम्बन्ध होने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आज तड़के करीब 4 बजे दल्लीराजहरा से भानुप्रतापपुर की ओर जा रही ट्रेन के सामने दोनों ने कूदकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सुबह जब लोगों की नजर ट्रैक पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से एक बाइक भी बरामद की है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों उसी से वहां पहुंचे थे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को वजह माना जा रहा है। परिजनों से पूछताछ जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।


