छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवाद उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है। बीजापुर पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान में माओवादियों के पुराने ठिकानों और जंगलों में छिपाकर रखे गए डंपों से भारी मात्रा में कैश, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने ₹65 लाख 52 हजार नकद राशि जब्त की है, जिसे नक्सली संगठन की आर्थिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक नेटवर्क के लिए इस्तेमाल किया जाना था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप बीजापुर जिले को नक्सलमुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। विगत एक माह से जिले के अतिसंवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में संयुक्त बलों द्वारा लगातार अभियान संचालित किया जा रहा था। ग्रामीणों के सहयोग, आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से पूछताछ और मजबूत आसूचना तंत्र के आधार पर जंगलों में छिपाए गए कई डंपों का पता लगाया गया।

32 हथियार और सैकड़ों जिंदा कारतूस बरामद
संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों के डंप से एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन, .303 रायफल, बीजीएल लॉन्चर और अन्य हथियारों सहित कुल 32 घातक हथियार बरामद किए हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस, बीजीएल सेल और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। बरामद हथियारों में —
- 01 एलएमजी रायफल
- 04 एसएलआर रायफल
- 01 कार्बाइन रायफल
- 05 .303 रायफल
- 01 .315 रायफल
- 05 सिंगल शॉट हथियार
- 04 बारह बोर बंदूक
- 07 बीजीएल लॉन्चर
- 01 पिस्टल
- 03 बोल्ट एक्शन हथियार
शामिल हैं। इसके अलावा AK-47, SLR, .303 और अन्य हथियारों के सैकड़ों जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने हथियारों के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आईईडी निर्माण सामग्री, लॉन्चर, मशीन उपकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की हैं।
₹20 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
बीजापुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक संयुक्त अभियानों में कुल ₹20 करोड़ 08 लाख 52 हजार की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। इसमें ₹7.28 करोड़ नकद और 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12.80 करोड़ बताई गई है। सुरक्षा बलों का मानना है कि यह रकम और सोना माओवादी संगठन की वित्तीय गतिविधियों, हथियार खरीद और नेटवर्क संचालन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
विस्फोटक सामग्री नष्ट
संयुक्त बलों ने हाल ही में थाना पामेड़ क्षेत्र के कवरगुट्टा जंगलों और नेशनल पार्क एरिया में छिपाकर रखे गए लगभग 140 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और यूरिया को भी सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया। अधिकारियों के मुताबिक, यह सामग्री आईईडी और बड़े विस्फोटक उपकरण तैयार करने में उपयोग की जाती थी। इस कार्रवाई से माओवादियों की आईईडी निर्माण क्षमता और हथियार आपूर्ति तंत्र को गंभीर क्षति पहुंची है।
नक्सल उन्मूलन अभियान को मिली मजबूती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण बीजापुर क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है और ग्रामीणों का विश्वास सुरक्षा बलों पर बढ़ा है। वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 461 हथियार बरामद किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2024 से अब तक कुल 517 हथियार और 1092 आईईडी जब्त किए गए हैं।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अब तक 234 माओवादी मारे गए, 1192 गिरफ्तार किए गए और 1003 माओवादी पुनर्वास योजना के तहत मुख्यधारा में लौटे हैं। पुलिस का कहना है कि यह उपलब्धियां सुरक्षा बलों की रणनीतिक कार्रवाई, सतत अभियान और माओवाद उन्मूलन के प्रति दृढ़ संकल्प को दर्शाती हैं।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
जिला पुलिस ने आम जनता और ग्रामीणों से अपील की है कि जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री, विस्फोटक वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के सहयोग से बीजापुर तेजी से नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


