कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध बड़े शीतला माता मंदिर को चोरों ने देर रात अपना निशाना बना लिया। खास बात यह है कि यह मंदिर कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इतनी संवेदनशील जगह पर हुई इस घटना ने आम लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी हैरान कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और माता रानी को चढ़ाए गए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के मुकुट एवं अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर की दान पेटी में रखी हजारों रुपये की नकदी भी पार कर दी। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नई साड़ियां, पूजा सामग्री और अन्य कीमती चढ़ावे का सामान भी अपने साथ ले गए।
सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब मंदिर के ताले और सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी मिली। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह चोरी हुई है, वह जिले का सबसे संवेदनशील इलाका माना जाता है। कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के इतने करीब स्थित मंदिर में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


