बालोद। जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय मीनाक्षी भतरिया की शादी के करीब नौ महीने बाद फरवरी 2026 में गुरुर स्थित किराये के मकान में फांसी लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने गुरुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का पति प्रवीण कुमार भतरिया, जो गुरुर तहसील कार्यालय के रजिस्ट्रार कार्यालय में दैनिक वेतनभोगी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है, अपने परिजनों के साथ मिलकर कथित रूप से मीनाक्षी को कम दहेज लाने, रंग-रूप पर टिप्पणी करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत में यह भी आरोप है कि मृतका से नौकरानी जैसा व्यवहार किया जाता था और उसे लगातार अपमानित किया जाता था।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पति, सास, ससुर और ननंद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


