छत्तीसगढ़। बालोद जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र स्थित खरखरा जलाशय में बड़ा हादसा हो गया। जलाशय में बने फिश केज में मछलियों को फीड डालने गया एक बुजुर्ग मजदूर पानी में डूब गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी कबीर बनकर नामक मछली ठेकेदार के पास काम करने वाले मजदूर सुखराम सलाम (75 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णा पारा, जिला कांकेर, सुबह लगभग 10 से 11:00 बजे के लगभग खरखरा जलाशय में बने फिश केज में मछलियों को दाना डालने गए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी लोहारा पुलिस और दुर्ग से पहुंची गोताखोरों की टीम ने जलाशय में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। मजदूर की तलाश लगातार जारी है।
इधर, हादसे के बाद मछली पालन कराने वाले ठेकेदार की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, बुजुर्ग मजदूर को बिना सुरक्षा जैकेट के पानी में भेजा गया था।
फिलहाल गोताखोरों की टीम मजदूर की तलाश कर रही है।


