बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में 11 साल की एक मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी ने बच्ची को पेप्सी का लालच देकर अपने घर के अंदर बुलाया और उसके साथ गलत हरकत करने लगा। बच्ची की सूझबूझ से वह आरोपी के चंगुल से बचकर बाहर निकल आई।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची अपने घर के लिए सामान लेने दुकान गई थी। इसी दौरान दुकान संचालक ने उसे पेप्सी देने का झांसा दिया और अपने घर के भीतर ले गया। आरोप है कि घर के अंदर ले जाकर उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म करने की कोशिश की।
घबराई बच्ची ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह वहां से निकलकर सीधे अपने घर पहुंची। घर पहुंचते ही उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। बच्ची की बात सुनकर परिजन तुरंत पुरूर थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 56 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी मनीष शेंडेय ने बताया कि बच्ची के परिजनों की शिकायत पर जांच के बाद आरोपी शिव शंकर सिन्हा के खिलाफ छेड़छाड़, डराने-धमकाने और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजा गया है।


