शादी के दूसरे दिन ही दूल्हे की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत, सामान छोड़ने जाते समय हुआ हादसा
रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दो दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। नई-नवेली दुल्हन का स्वागत करने के बाद परिवार अभी खुशियों में डूबा ही था कि एक हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
दरअसल, अपनी ही शादी का सामान छोड़ने जाते समय ट्रैक्टर पलटने से दूल्हे की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। मामला रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।
कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी भोलाराम सिदार ने बताया कि उनका भतीजा देवांगन सिदार गौरेला-पेंड्रा जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। घर में 5 अप्रैल से शादी की रस्में शुरू हुई थीं और 9 अप्रैल को शादी का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। शादी के लिए पास के गांव से टेंट का सामान लाया गया था।
परिजनों के अनुसार, 10 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे देवांगन सिदार अपने चाचा संजय सिदार के सोनालिका ट्रैक्टर (क्रमांक CG 13 D 5379) में टेंट का सामान लोड कर अपने साथियों सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार के साथ सामान वापस छोड़ने जा रहा था।
जब वह सतीपारा में सरपंच के घर के पास पहुंचा, तभी अचानक ट्रैक्टर पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलटकर उसी के ऊपर गिर गया।
इस हादसे में चालक देवांगन सिदार ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल पत्थलगांव के शासकीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
रायपुर ले जाते समय रात करीब 11 बजे नंदन झरिया के पास उसकी मौत हो गई।
इस घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
खुशियों का घर बना मातम का घर
जिस घर में दो दिन पहले शहनाई गूंज रही थी, वहीं अब सन्नाटा पसरा हुआ है। मेहंदी और गहनों से सजी दुल्हन की खुशियां अभी शुरू ही हुई थीं कि उसका जीवनसाथी उसे छोड़कर हमेशा के लिए चला गया।
नई-नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिस घर में वह दुल्हन बनकर आई है, वहां दूसरे ही दिन उसका हमसफर उसे छोड़ जाएगा। परिवार के सभी सदस्य गहरे सदमे में हैं।

