दुर्गेश यादव @ न्यूज़ इनपुट
जांजगीर-चांपा। अगर आप भी शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे हैं, तो ज़रा संभल जाइए… क्योंकि अब ठग सिर्फ नकली प्रोफाइल ही नहीं, बल्कि ‘नकली दुल्हन की आवाज’ भी तैयार कर चुके हैं।
जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने शादी कराने के नाम पर कई लोगों को अपना शिकार बनाया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि गिरोह का एक आरोपी खुद लड़की की आवाज निकालकर पीड़ितों से बात करता था। मीठी-मीठी बातें, शादी के सुनहरे सपने और फिर धीरे-धीरे पैसों की डिमांड… देखते ही देखते लोग ठगी का शिकार हो जाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से लोगों को भरोसे में लेते थे। रिश्ता पक्का कराने, लड़की से बात कराने और शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बहाने अलग-अलग किस्तों में रुपए ऐंठते थे। जब तक पीड़ितों को सच्चाई समझ आती, तब तक उनके बैंक खाते हल्के हो चुके होते थे।

साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू उम्र – 26 वर्ष निवासी – ग्राम अमोदा, वार्ड नं. 01, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा, सोनू साहू पिता जयराम साहू उम्र 20 साल निवासी बेलदारपारा चांपा जांजगीर चांपा को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैट और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए गए हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपए के साइबर ठगी के लेनदेन भी मिले हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद, महासमुंद सहित कई जिलों के लोगों को अपना निशाना बनाया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं तथा ठगी की रकम कितनी बड़ी है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सीख भी जरूरी…
आज के दौर में रिश्ते ऑनलाइन बन रहे हैं, लेकिन भरोसा ऑफलाइन जांच के बाद ही करें। अगर कोई शादी के नाम पर पहले पैसे मांगने लगे, तो समझ लीजिए कि कहीं न कहीं मामला गड़बड़ है।
फिलहाल जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस की इस कार्रवाई ने ऐसे साइबर ठगों के एक बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया है।

