दिल्ली/ भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को नया विस्तार देते हुए महासमुंद से सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित हुई नई टीम में रूपकुमारी चौधरी की यह ताजपोशी छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों से लेकर दिल्ली के सियासी मंच तक बड़ी हलचल पैदा कर रही है। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में जश्न और उत्साह का माहौल है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “यह पूरे छत्तीसगढ़ का सौभाग्य और गौरव का क्षण है। रूपकुमारी चौधरी सांसद के रूप में क्षेत्र की सेवा कर ही रही हैं और अब उन्हें महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। मैं उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन: ‘नारी शक्ति’ अब सिर्फ वोट बैंक नहीं, विकास की रीढ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से लेकर लखपति दीदी, उज्ज्वला और मुद्रा योजना जैसी पहलों ने देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। पीएम मोदी के ‘मातृशक्ति के नेतृत्व में विकास’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बूथ-स्तरीय चुनावी रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नया संगठनात्मक ढांचा अब और अधिक आक्रामक नजर आ रहा है।
अमित शाह के सुदृढ़ संगठन विस्तार और नितिन नवीन के युवा व समावेशी नेतृत्व के समन्वय का ही परिणाम है कि जमीनी और संघर्षशील महिला नेताओं को सीधे राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चा संभालने का मौका दिया जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी की यह नियुक्ति साबित करती है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व के लिए महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि संगठन का मूलमंत्र है।
जमीनी संघर्ष से राष्ट्रीय शिखर तक का अनुठा सफर
- पंचायत से शुरुआत: 2005 में जिला पंचायत सदस्य बनकर अपने सार्वजनिक जीवन की नींव रखने वाली रूपकुमारी चौधरी हमेशा जनता से जुड़ी रहीं।
- विधानसभा से संसद तक: 2013 में बसना से विधायक चुनी गईं। उन्होंने जिलाध्यक्ष के रूप में पार्टी संगठन को सींचा। 2024 में महासमुंद से सांसद बनकर उन्होंने अपनी विशाल जनाधार क्षमता को फिर साबित किया।
- अब राष्ट्रीय दायित्व: एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय महिला मोर्चा की कमान संभालना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
देशभर की महिलाओं को संगठन से जोड़ने का नया रोडमैप महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान संभालने के बाद रूपकुमारी चौधरी की जिम्मेदारी अब छत्तीसगढ़ के दायरे से बाहर निकलकर पूरे देश में फैल गई है। उनका मुख्य ध्येय मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर पर बैठी महिला तक पहुंचाना और देश के कोने-कोने में महिलाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मध्य भारत के आदिवासी और ग्रामीण बहुल राज्य से आने वाली एक सहज, सरल और संघर्षशील महिला नेता को यह कमान सौंपकर भाजपा ने 2029 के भावी राजनीतिक ताने-बाने की एक मजबूत नींव रख दी है।

