Chhattisgarh: बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई, जिसमें 24 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के सदस्यों के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित चौथिया (शादी कार्यक्रम) में शामिल होने गए थे। शारदा पाटिल भी अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई हुई थी। शादी समारोह की खुशियां मनाने के बाद पूरा परिवार कार से वापस डौंडी लौट रहा था। इसी दौरान दल्लीराजहरा के मुख्य मार्ग स्थित हिंदू होटल के पास उनकी कार (क्रमांक CG 07 BM 1040) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि लोहे का बिजली का खंभा बुरी तरह मुड़ गया और कार के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के एयरबैग भी खुल गए, लेकिन इसके बावजूद शारदा पाटिल की जान नहीं बच सकी। वहीं कार में सवार अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतिका शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए विशेष रूप से घर आई हुई थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएंगी। एक होनहार बेटी की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, दल्लीराजहरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी अविनाश सिंग ने बताया कि, “रात्रि लगभग 12 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। हादसे में एक युवती की मौत हुई है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। कार में सवार सभी छह लोग डौंडी के बंधियापारा निवासी एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे ग्राम चिपरा-कुसुमकसा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। मामले की जांच की जा रही है।”
रफ्तार ने छीन लिया एक परिवार का सुकून
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के खतरों की ओर इशारा करता है। शादी की खुशियां लेकर घर लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। एक ओर जहां परिवार को नई खुशियों का इंतजार था, वहीं दूसरी ओर एक बेटी की मौत ने पूरे घर को गहरे सदमे में डाल दिया। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किस तरह जिंदगी भर का दर्द बन सकती है, यह हादसा उसका एक दर्दनाक उदाहरण है।

