बालोद। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम में चयनित होकर पूरे राज्य में तीसरा स्थान हासिल करने वाली स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कन्नेवाड़ा की मेधावी छात्रा कुमारी हिमांशी साहू को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने हिमांशी की इस उल्लेखनीय सफलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिमांशी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे बालोद जिले के लिए गर्व का विषय है।
समारोह के दौरान कलेक्टर ने हिमांशी साहू को प्रशस्ति पत्र, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने हिमांशी को भविष्य में भी इसी तरह कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
शैक्षणिक उपलब्धि भी उत्कृष्ट
कुमारी हिमांशी साहू वर्तमान में कक्षा 9वीं में अध्ययनरत हैं। उन्होंने कक्षा 8वीं की परीक्षा 96 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर पहले ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था। अब इसरो के यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम में राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर उन्होंने अपनी काबिलियत को और साबित किया है।
परिवार का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने हिमांशी के पिता श्री अभय कुमार और माता श्रीमती सहिता साहू को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और हिमांशी की उपलब्धि में उनके माता-पिता का योगदान सराहनीय है।
अधिकारियों की उपस्थिति में बढ़ा गौरव
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, श्री नूतन कंवर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने हिमांशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बालोद के लिए प्रेरणा बनी हिमांशी
हिमांशी साहू की यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं, यह हिमांशी ने साबित कर दिखाया है।


