दुर्ग में डबल मर्डर: STF आरक्षक की प्रेमिका ने पत्नी और 8 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या की, आरोपी महिला गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार सुबह एक विवाहित STF आरक्षक की प्रेमिका ने उसकी पत्नी और 8 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस हमले में आरक्षक की दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना स्मृति नगर चौकी अंतर्गत STF कॉलोनी की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने आरक्षक की पत्नी पर 18 बार और सो रहे 8 वर्षीय बच्चे पर 14 बार चाकू से वार किए। सुपेला थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8 बजे ललितेश यादव रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन कराने गए थे। इसी दौरान आरोपी महिला घर पहुंची और पहले धमकी दी, फिर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को पकड़ लिया। उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटियों को बचाने के लिए लड़ी मां
मिली जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान आरक्षक की पत्नी ने आरोपी महिला को रोकने की कोशिश की और उसका पैर पकड़ लिया। उन्होंने अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। एक बेटी, तान्या, किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी, नैना, बाथरूम में छिप गई।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला, सरोजिनी भारद्वाज (उम्र 25 वर्ष), एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी। उस समय आरक्षक ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। आरोपी मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।
फेसबुक के जरिए हुई थी पहचान
सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरक्षक और आरोपी महिला के बीच संपर्क फेसबुक के माध्यम से हुआ था। यह भी चर्चा में है कि दोनों के बीच संबंध थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना वाले दिन सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी महिला सामान लेकर घर पहुंची थी, जिसके बाद करीब 8 बजे यह वारदात हुई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।


