राकेश मिश्रा, पेंड्रा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कोटमी चौकी क्षेत्र के मटियाडाँड़ के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेषरा गांव के कुछ लोग कोतमा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जब उनकी बोलेरो मटियाडाँड़ के पास पहुंची, तो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई। हालात बेहद भयावह हो सकते थे, लेकिन यात्रियों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। आग फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया।
इस हादसे में कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग के दौरान सतर्कता की जरूरत को उजागर किया है।
घटना के बाद कोटमी चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है


