छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमा पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक आयसर ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 56 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर स्थित पालसापली चेक पोस्ट पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बसना थाना पुलिस संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक के जरिए बड़ी खेप में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और चेक पोस्ट पर पहले से घेराबंदी कर ली।
जैसे ही संदिग्ध ट्रक चेक पोस्ट पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। शुरुआती जांच में ट्रक में ऊपर की ओर केले लदे हुए दिखाई दिए, जिससे यह सामान्य फल परिवहन का वाहन प्रतीत हो रहा था। लेकिन पुलिस की बारीकी से जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ-केलों के नीचे छिपाकर रखी गई बोरियों में 9 क्विंटल 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक से चार अलग-अलग राज्यों के फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन्हीं नंबर प्लेट्स को बदल-बदलकर अलग-अलग राज्यों में तस्करी करता था ताकि पहचान से बच सके।
इस मामले में पुलिस ने अब्दुल नईम नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश तक सप्लाई करता था।
इस पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत जिले के सीमावर्ती इलाकों में लगातार चेक पोस्ट बनाकर सघन जांच की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।


