छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मरादेव मंदिर, गौरव पथ के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी निर्मित पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी इन हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ सोनी के रूप में हुई है, जो पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कई प्रकरण दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।
